जौनपुर। पवारा थाना क्षेत्र के ग्राम भटेवरा में स्थ्ति एक तालाब की जलकुंभी में फंसे 75 वर्षीय बुज़ुर्ग को पीआरवी कर्मियों ने सकुशल बहार निकालते हुए उन्हें कंधे पर उठाकर पहले एम्बुलेंस तक पहुंचाया उसके बाद इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया।
पीआरवी से मिली जानकारी के अनुसार एक 75 वर्षीय बुजुर्ग घास काटने के दौरान तलाब की जलकुंभी में जाकर फंस गयें थें। बुज़ुर्ग के फंसे होने की सूचना जब पीआरवी को प्राप्त हुई तो सूचना पर पहुंचे पीआरवी के पीआरवी कमांडर रविशंकर यादव ने अन्य जवानों की मदद से उन्हें सुरक्षित वहां से बाहर निकाला।
बुज़ुर्ग को बाहर निकाले के बाद जवानों ने पहले उन्हें कंधे पर उठाकर दो किलोमीटर की दूरी पर खड़ी एम्बुलेंस तक पैदल ही पहुंचाया उसके बाद इलाज के लिए सीएचसी मछलीशहर भेज दिया।
पीआरवी के अनुसार घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता खराब होने के कारण बुजुर्ग को करीब दो किलोमीटर तक उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाना पड़ा। पीआरवी कर्मियों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग की जान बचाने के लिए सराहनीय प्रयास किया है। घटना के संबंध में पीआरवी ने स्थानीय थाने की पुलिस को भी अवगत करा दिया।













