Advertisement

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, रेलवे लाइन किनारे मिला दूल्हे के भाई का शव

 

जौनपुर। छोटे भाई की शादी में शामिल होने आए 40 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह बक्शा थाना क्षेत्र के उचौरा गांव के पास रेलवे लाइन किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक रविवार रात शादी समारोह के दौरान अचानक लापता हो गया था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना पर शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बिना दुल्हन की विदाई कराए ही घर लौट गए।

मृतक की पहचान बदलापुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी राकेश गौतम (40) पुत्र स्व. रामअजोर गौतम के रूप में हुई। वह अपने छोटे भाई महेश कुमार गौतम की शादी में शामिल होने के लिए बक्शा थाना क्षेत्र के मझौली गांव आए थे। महेश की शादी गांव निवासी मुन्नालाल गौतम की बेटी से तय हुई थी।

जानकारी के अनुसार रविवार एक नवंबर की शाम रामपुर गांव से बारात मझौली के लिए रवाना हुई थी। देर शाम बारात शादी स्थल पर पहुंची। रात करीब 9:30 बजे द्वारचार की तैयारियां चल रही थीं। द्वारचार के बाद बाराती और घराती पक्ष के बीच डीजे पर मुकाबला हो रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। बताया जाता है कि इसी बीच राकेश अचानक कहीं चले गए। कुछ देर बाद उनके नहीं दिखने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

सोमवार सुबह करीब सात बजे उचौरा गांव के पास रेलवे लाइन किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान राकेश के रूप में की। शव देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक राकेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। घटना के बाद परिवार के लोग बिना दुल्हन की विदाई कराए ही रोते-बिलखते घर लौट गए।

सूचना पर बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह रेलवे लाइन के पास शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई। परिजनों के प्रार्थना पत्र के आधार पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पूर्व प्रधान डॉ. समय बहादुर यादव, वर्तमान प्रधान के पुत्र रवि मौर्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Amanki Shaan News