जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रीज पर मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। वहीं बाइक पर बैठे उसके चाचा घायल हो गए।
इसी थाना क्षेत्र के निवासी 28 वर्षीय सुधांशु शर्मा पुत्र रतन शर्मा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर उनकी बेटी की शादी का कार्ड बांटने खासनपुर मोहल्ले गए थें। कार्ड बांटकर दोनों घर लौट रहें थें कि उसी दौरान शास्त्री ब्रीज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से दोनों घायल अवस्था में सड़क पर गिर पड़ें।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में ऑटो की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके चाचा शरद कुमार शर्मा घायल हो गए।
बताया जाता है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी थी। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर सुधांशु घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












