Advertisement

यातायात पुलिस ने त्यौहारों के चलते रूट डायवर्जन प्लान लागू किया

 

 

जौनपुर। जिले में त्यौ​हारों को लेकर यातायात पुलिस ने रूटों में बदलाव किया है। बता दें कि आने वाले 5 से 8 नवंबर तक धनतेरस और दीपावली के त्योहारों के दौरान बाजारों में होने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है।

यह व्यवस्था इन चार दिनों में रोज़ाना सुबह 10 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस डायवर्जन योजना के तहत ई-रिक्शा (टोटो), ऑटो-रिक्शा और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और रास्तों में निम्नलिखित बदलाव किए गए हैं।

त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भारी वाहनों, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के लिए निम्नलिखित प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। कुत्तुपुर तिराहा, जेसीस चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, कुमार पेट्रोल पंप और जोगियापुर से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

कुत्तुपुर, मछलीशहर, बदलापुर और पॉलिटेक्निक चौराहा आदि प्रमुख बिंदुओं से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो का अंदरूनी शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जेसीस चौराहा से इन्हें जोगियापुर, प्रेमगढ़ा, सद्भावना तिराहा, सद्भावना पुल और अटाला मस्जिद होते हुए भंडारी स्टेशन की ओर डायवर्ट किया गया है।

कुत्तुपुर और मल्हनी पड़ाव की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन वैकल्पिक मार्गों जैसे शकरमंडी तिराहा, भंडारी रेलवे स्टेशन, सुतहट्टी तिराहा, अटाला मस्जिद, किला तिराहा और सद्भावना मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

यदि आप इन तिथियों में जौनपुर शहर या बाजारों की तरफ जा रहे हैं, तो जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का ही उपयोग करें और ई-रिक्शा व ऑटो की बुकिंग करने से पहले उनके रूट की सीमा जरूर जान लें।

Amanki Shaan News