जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र के नदियांव गांव में विधायक के आवास कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी पर पिस्टल से फायरिंग करने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी विमल कुमार यादव के अनुसार, वह मछलीशहर की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर के आवास कार्यालय में देखरेख का काम करते हैं। आरोप है कि दो नवंबर की रात करीब 9:30 बजे गांव के प्रवेश यादव बोलेरो से पहुंचे और उनके घर के गेट में टक्कर मार दी।
इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से अवैध पिस्टल से गोली चला दी। पीड़ित ने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












