जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में वांछित शातिर अपराधी कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सरायख्वाजा पुलिस टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग पर नहर पुलिया के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश कृष्णा यादव घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के पास से .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर अपराध करता है। फरार साथी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













