जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी नितिन कुमार राजभर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सात सितंबर 2026 को छतारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विराट राजभर समेत 11 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर रितेश यादव उर्फ किशन यादव उर्फ शक्ति यादव तथा उनके मित्र अभिषेक मिश्रा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप है। आरोप है कि इस दौरान आफताब ने रितेश पर चाकू से कई वार किए और जान से मारने की नीयत से पिस्टल से एक राउंड फायर भी किया।
मामले में जलालपुर थाने पर मुकदमा संख्या 401/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में जलालपुर पुलिस ने कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल बबूल यादव और कांस्टेबल आशुतोष रौनियार की टीम ने आरोपी नितिन कुमार राजभर पुत्र धर्मेंद्र राजभर, निवासी रेहटी, थाना जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया।











