जौनपुर। बक्सा विकासखंड के गोरीयापुर (नौपेड़वा) गांव में गंदे पानी की निकासी का रास्ता बंद होने से जलभराव हो रहा है। मई रोड पर पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले ग्रामीणों ने हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री से समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, घरों से निकलने वाला पानी पहले नाली से एक व्यक्ति के खेत की ओर जाता था। खेत के मालिक ने पानी जाने का रास्ता रोक दिया है। कुछ लोगों ने नाली को बीच में भी बंद कर दिया है, जिससे पानी आगे नहीं जा पा रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। मच्छर बढ़ने और बीमारियां फैलने का खतरा है। आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग चोटिल भी हुए हैं और सफाई कर्मचारी कभी दिखाई नहीं देते।
मनोज मौर्य, राहुल, बल्लू, अजय, सुरेश, रामफेर, शिवशंकर, राकेश, रोहित, महेश और धर्मराज सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने नाली का रास्ता खुलवाने और घरों के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने को कहा है।













