अमरोहा। हिंदी पत्रकारिता दिवस के गौरवशाली अवसर पर अमरोहा प्रेस क्लब (रजि.) के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, सामाजिक जिम्मेदारियों और वर्तमान डिजिटल युग में प्रिंट मीडिया के सामने आने वाली चुनौतियों पर गहरा मंथन किया। वक्ताओं ने एकजुट होकर कहा कि आज के दौर में निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रजिस्टर्ड प्रेस क्लब अमरोहा के संस्थापक अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार विनीत कुमार अग्रवाल ने की। गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार महीपाल सिंह और मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महताब अमरोही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार इमरान अहमद ने किया, जबकि इस महत्वपूर्ण गोष्ठी की पूरी रूपरेखा वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेंद्र सिंह द्वारा तैयार की गई थी।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हिंदी पत्रकारिता का अहम योगदान गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. महताब अमरोही और मुख्य अतिथि महीपाल सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। आजादी के आंदोलन से लेकर आज तक समाज को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों ने अपनी जान जोखिम में डालकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब सूचनाओं की बाढ़ आई हुई है, तब निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है।
चुनौतियों के लिए तैयार रहें पत्रकार: विनीत अग्रवाल
अपने अध्यक्षीय संबोधन में रजिस्टर्ड प्रेस क्लब अमरोहा के संस्थापक अध्यक्ष विनीत कुमार अग्रवाल ने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते इस दौर में प्रिंट मीडिया के सामने कई नई चुनौतियाँ खड़ी हो रही हैं। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों का आह्वान किया कि वे इन आधुनिक चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद को मानसिक और तकनीकी रूप से तैयार रखें, लेकिन साथ ही पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों—सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकार—से कभी समझौता न करें। ये वरिष्ठ पत्रकार रहे मौजूद विचार गोष्ठी के दौरान हिंदी पत्रकारिता के इतिहास को याद करते हुए समाज निर्माण में पत्रकारों के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार कमर हैदर भारती, डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. नवाब सिद्दीकी, सौ सिंह सैनी, आनंद चौहान, दाऊद अहसान फारूकी, मनोज कुमार, नरेश सागर, सतपाल मान और एहसान अहमद सहित जनपद के तमाम पत्रकार साथी व प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।











