Advertisement

मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, सफलता और नेतृत्व का दिया गया मंत्र

जौनपुर। उत्तर प्रदेश बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ से मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के साथ हुआ।

समारोह में विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, एमएलसी ब्रजेश सिंह “प्रिंसु”, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। हाईस्कूल परीक्षा में जनता बालिका इंटर कॉलेज, बनगांवपट्टी के राजशेखर सिंह ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट में राम आधार यादव इंटर कॉलेज, रसूलपुर के रजनीश श्रीवास्तव ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।

विशेष उपलब्धि के रूप में श्री राम प्रसाद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर सिकरारा के छात्र विजय यादव ने संस्कृत शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया, जिन्हें मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेधा सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता भी आवश्यक हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि ये छात्र-छात्राएं भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Amanki Shaan News