जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने नीट परीक्षा के सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जनपद के टी.डी. पी.जी. कॉलेज तथा जनक कुमारी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












