Advertisement

सत्य, साहस और जनहित की पहचान है पत्रकारिता : तामीर हसन शीबू

जौनपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर News Hour सैटेलाइट चैनल के स्टेट ब्यूरो हेड उत्तर प्रदेश तामीर हसन शीबू ने प्रदेशभर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता ही लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करती है। पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो सत्ता से सवाल पूछने के साथ-साथ आमजन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

तामीर हसन शीबू ने कहा कि वर्तमान समय में जब भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों का दौर तेज़ी से बढ़ रहा है, तब पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी पत्रकार सत्य, निष्पक्षता और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का निर्वहन कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों ने सदैव समाज को सही दिशा देने, जन-जागरूकता बढ़ाने और व्यवस्था की खामियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारों की कलम और कैमरा हमेशा अन्याय, भ्रष्टाचार और असत्य के विरुद्ध संघर्ष का सशक्त माध्यम रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं, बल्कि समाज और शासन के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु हैं। उनके अथक परिश्रम, समर्पण और निष्ठा के कारण ही लोकतंत्र की नींव मजबूत बनी हुई है।

अंत में उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा सदैव जीवित रहे और पत्रकार सत्य, निष्पक्षता एवं जनहित के मार्ग पर चलते हुए समाज को नई दिशा देते रहें। इसी कामना के साथ उन्होंने सभी पत्रकार बंधुओं को हिंदी पत्रकारिता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Amanki Shaan News