Advertisement

तेज रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो की टक्कर से मजदूर की मौत

जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर पावर हाउस के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मजदूरी करने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-731 पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति भी बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई है और फरार स्कॉर्पियो चालक व सवारों की तलाश की जा रही है।

Amanki Shaan News