रिपोर्ट पत्रकार दिलशाद अहमद
बदलापुर (जौनपुर) तहसील अंतर्गत सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में एक परिवार के सूने मकान से लाखों रुपए के जेवरात और कीमती सामान चोरी हो गया. परिवार के सदस्य पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए बाहर गए हुए थे. गांव निवासी मस्तराम मिश्र के पिता कुछ समय से बीमार थे और बेहतर इलाज के लिए उन्हें मुंबई ले जाया गया था. बुधवार को मुंबई में उनका निधन हो गया. परिवार शोक में डूबा था और अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा था. शुक्रवार को जब परिजन पिता का शव लेकर पैतृक आवास हरिहरपुर पहुंचे, तो घर की स्थिति देखकर दंग रह गए. मकान के मुख्य दरवाजे सहित अंदर के कई ताले टूटे हुए थे और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. परिजनों के अनुसार, चोरों ने तीन अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, पीतल और तांबे के कीमती बर्तन तथा अन्य सामान चुरा लिए. घटना की सूचना मिलते ही सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. परिजन पिता के अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज रवाना हो गए. स्थानीय लोगों का मानना है कि चोरों ने परिवार की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया. सिंगरामऊ प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.










