आंधी-तूफान के खतरे के बीच प्रशासन की एडवाइजरी, लोगों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील
जौनपुर जनपद में बदलते मौसम और आंधी-तूफान के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और वज्रपात व तेज हवाओं के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि आंधी-तूफान के दौरान लोग टिन की छत, होर्डिंग, पेड़, बिजली के खंभों और मोबाइल टावर से दूर रहें। घरों के बाहर रखी भारी वस्तुओं को सुरक्षित बांधकर रखने और यात्रा के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम में धातु से बनी वस्तुओं का इस्तेमाल न करें और पेड़ों के नीचे शरण न लें। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका होने पर पक्के मकान में रहने, खिड़की-दरवाजों से दूर रहने और बच्चों को बाहर न खेलने देने की अपील की गई है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति खुले खेत में फंस जाए तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर उकड़ू बैठ जाए। वहीं घरों में चलने वाले भारी विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग करने और खुले वाहनों में सफर से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों को समय रहते मौसम की जानकारी देने के लिए प्रशासन ने ‘दामिनी ऐप’ और ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड करने की अपील की है। जिला प्रशासन का कहना है कि इन ऐप्स के जरिए आंधी, बारिश और वज्रपात से जुड़ी पूर्व चेतावनी समय पर मिल सकेगी, जिससे जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। फिलहाल मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और लोगों से सावधानी बरतने की लगातार अपील की जा रही है।











