Advertisement

जौनपुर को 3650 करोड़ से अधिक की सौगात, 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

पत्रकार दानिश इकबाल

 

मुंगराबादशाहपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया तीन परियोजनाओं का लोकार्पण, पांच नई परियोजनाओं का कार्य शुभारंभ

जौनपुर। जनपद में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 3650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन और कार्य शुभारंभ किया। इनमें 3210 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जबकि करीब 467 करोड़ रुपये की पांच नई परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू कराया गया।

 

लोकार्पित परियोजनाओं में 1505 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 63 किलोमीटर लंबा रायबरेली-प्रयागराज फोरलेन मार्ग, 1078 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 किलोमीटर लंबा जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-आलापुर फोरलेन बाईपास एवं पुल तथा 627 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 49 किलोमीटर लंबा मछलीशहर-जंघई-भदोही मार्ग शामिल है।

 

वहीं, जिन पांच नई परियोजनाओं का कार्य शुरू कराया गया, उनमें 198 करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबा मुंगराबादशाहपुर बाईपास, 128 करोड़ रुपये की लागत से जौनपुर शहर में कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा तक 12 किलोमीटर फोरलेन चौड़ीकरण, 92 करोड़ रुपये की लागत से मड़ियाहूं रेलवे क्रॉसिंग पर 1.5 किलोमीटर लंबा ओवरब्रिज, 33 करोड़ रुपये की लागत से लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक पांच किलोमीटर फोरलेन मार्ग तथा 16 करोड़ रुपये की लागत से रामदयालगंज में सई नदी पर दो लेन का पुल शामिल है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में पांच लाख करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग संबंधी कार्य चल रहे हैं। इनमें एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए पानी, बिजली, संचार और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। बेहतर सड़कें विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करती हैं।

 

कृषि और ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा करते हुए गडकरी ने कहा कि किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता और ईंधनदाता बनाने की दिशा में काम हो रहा है। चावल और गन्ने से इथेनॉल सहित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक और सौर ऊर्जा का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश जल्द ही ऊर्जा आयात करने के बजाय ऊर्जा निर्यात करने वाला राज्य बनेगा।

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जौनपुर जनपद चारों तरफ रेलवे क्रॉसिंग से घिरा होने के कारण लोगों को अक्सर जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। केंद्रीय मंत्री की ओर से रिंग रोड की सौगात भी दी गई है, जिसकी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके निर्माण से आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

 

राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुंगराबादशाहपुर बाईपास के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने जनपद को आठ महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की सौगात देने के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताया।

 

इस मौके पर राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग कुंवर बृजेश सिंह, विधायक रमेश चंद्र मिश्र, विधायक रमेश सिंह, विधायक डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर, पूर्व सांसद बीपी सरोज, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुषमा पटेल, बाकेलाल सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Amanki Shaan News