जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी एक महिला ने दबंग पड़ोसियों पर घर में घुसकर बुरी तरह से पीटने का आरोप लगाया है। महिला ने दबंगों पर पीटने के साथ साथ गाली गलौज व जेवर भी छीनने का आरोप लगाया है।
कल्याणपुर गांव निवासी महिला शीला पत्नी प्रदीप शर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पति रोज की भाति मजदूरी करने के लिए बाहर गयें हुए थें और वह घर में अकेली थी। बुधवार की शाम करीब 7 बजे पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी दिनेश, राजेश, निर्मला, अनीता लाठी डंडो के साथ घर में घुस गयें और गाली गलौज करते हुए हमला कर दिया।
महिला की चीख पुकार सुनने के बाद पहुंचे पड़ोस के अन्य लोगों ने बचाव किया। महिला का यह भी आरोप है कि दबंगों ने जाते जाते धमकी दी है कि अगर कोई कार्यवाही करवाने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। महिला के मुताबिक दबंग पड़ोसियों ने मारपीट के दौरान उसकी चांदी की पायल और सोने के जेवर भी छीनकर ले गयें। घटना के बाद घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी मछलीशहर ले जाया गया। इस मामले को लेकर पीड़ित महिला और उसके पति ने थाने में तहरीर देकर दबंग पड़ोसियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। फिल्हाल मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।









