जौनपुर। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण व बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियाहूं पुलिस व राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी करते हुए थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में पटाखे व विस्फोटक सामग्री के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र एवं नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23) को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने 155 किलोग्राम अनार पटाखे, 60 किलोग्राम सुतली बम तथा 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा, 37 किग्रा सोरा, 16 किग्रा बारूद, 23.4 किग्रा गंधक, 15.2 किग्रा कोयला पाउडर व 9 किग्रा लकड़ी का बुरादा, रैपर, कटर मशीन, तराजू-बाट, 1530 खाली मिट्टी की घरियां (शिकोरें) तथा निगरानी में इस्तेमाल ड्रोन कैमरा बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 433/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












