Advertisement

अनियंत्रित ट्रेलर मंदिर की बाउंड्रीवाल से टकराकर दो हिस्सों में बंटा

 

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। सड़क निर्माण कार्य में लगे बालू की भस्सी लदे ट्रेलर और अन्य भारी वाहन रात में तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं। पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से बजरंगनगर से कनौरा के बीच आए दिन हादसे हो रहे हैं।

गुरुवार की रात करीब एक बजे बजरंगनगर बाजार में एक अनियंत्रित ट्रेलर हनुमान मंदिर की बाउंड्रीवाल से टकराकर दो हिस्सों में बंट गया। ट्रेलर का पिछला हिस्सा बालू की भस्सी समेत मंदिर के मुख्य गेट के सामने पलट गया, जबकि उसका इंजन सड़क पार करते हुए बिजली के खंभे को तोड़कर एक रेस्टोरेंट की दुकान में जा घुसा।

हादसे में बजरंगनगर निवासी राधेश्याम मोदनवाल के घर के सामने स्थित दुकान का टीनशेड, फर्नीचर व काउंटर समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ। संयोग अच्छा रहा कि दुकान के टीनशेड के नीचे कोई सोया नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है की बजरंगनगर से कनौरा मोड़ के बीच आए दिन हादसे होने से लोग दहशत में रहते हैं। एनएच 233 की अधूरे सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। किंतु नियमों को ताख पर रखकर दिन रात दौड़ रहे भारी वाहन बड़े हादसों को निमंत्रण दें रहे हैं । ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर के दोनों अलग-अलग हुए हिस्से को बीच सड़क से हटवाया।

Amanki Shaan News