Advertisement

पुलिस की छापेमारी, घर से 2.50 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

 

 

जौनपुर। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कस्बे में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 2 क्विंटल 50 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा रामपुर निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता पुत्र विक्रमजीत गुप्ता अपने घर में भारी मात्रा में पटाखे रखकर उनकी बिक्री कर रहा है।

सूचना पर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर वहां मौजूद खरीदार बिना नाम-पता बताए फरार हो गए। इसके बाद मकान की तलाशी लेने पर हाल में रखी 10 बोरियों से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 2 क्विंटल 50 किलोग्राम बताया गया।

पुलिस ने आरोपी सुभाष चंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना रामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 223/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी(1)(बी) में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार, उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, हेड कांस्टेबल हरिगोविंद, अनिरुद्ध प्रसाद, कांस्टेबल आदित्य पटेल, सोनू यादव और महिला कांस्टेबल शशिकला शामिल रहीं।

Amanki Shaan News