Advertisement

युवक को रास्ते में रोक कर चाकू से हमला, हालत गंभीर

 

जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बेलव पुल के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को रास्ते में रोककर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने सबसे पहले युवक के हेलमेट पर वार किया, इसके बाद उसके हाथ पर चाकू से कई प्रहार किए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान भीरमपुर निवासी पंकज कुमार (38), पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं और अमहित में उनकी ड्यूटी बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पंकज अपनी बहन पूनम देवी के साथ बाइक से जौनपुर आए थे। इसी दौरान बेलव पुल के पास बाइक सवार दो से तीन अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया हमला होते ही पूनम देवी जान बचाकर मदद के लिए गांव की ओर दौड़ीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल पंकज को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देख रेख में उनका उपचार चल रहा है। उनके हाथ पर चाकू के गंभीर घाव बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, पंकज कुमार के साथ वर्ष 2023 में भी मुफ्तीगंज क्षेत्र में इसी तरह की एक घटना हुई थी। हालांकि, वर्तमान हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े रास्ते में रोककर किए गए इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान व हमले के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Amanki Shaan News