Advertisement

पुल से नदी में कूदी बीएससी की छात्रा, दो घंटे बाद मिली लाश

पत्रकार दानिश इकबाल

 

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल से बुधवार सुबह सई नदी में छलांग लगाकर बीएससी प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद छात्रा की लाश सई नदी से बरामद की गई।
जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, डीहजहनिया गांव निवासी मुन्नालाल प्रजापति की पुत्री श्वेता प्रजापति क्षेत्र के गुलजारगंज-रईया स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह घर से साइकिल लेकर निकली और बरगुदर पुल पर पहुंचकर सई नदी में छलांग लगा दी।

राहगीरों ने छात्रा को नदी में कूदते देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह एवं उपनिरीक्षक विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुल से लगभग 50 मीटर आगे नदी में छात्रा का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Amanki Shaan News