जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शिवापार गांव में मंगलवार की शाम तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम करके जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार साइकिल सवार 42 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर मिथुन अपनी साइकिल से अपने घर जा रहे थें कि उसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिथुन साइकिल समेत करीब 70 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। इससे सड़क पर लगभग तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।
सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद कार में सवार तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को कार के अंदर बीयर की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन में कितने लोग सवार थे और हादसा किस तरह हुआ। मृतक के परिजनों ने परिवार के लिए आर्थिक मदद, पेंशन और हादसे के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस मामले को लेकर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार की तहरीर के आधार पर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।













