जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र में क्रॉसिंग के पास शुक्रवार की देर रात सड़क पर आचानक आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक सवार एक व्यक्ति हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मालूम हो कि सुंगुलपुर गांव निवासी अरविंद कुमार क्रॉसिंग के पास देर रात करीब एक बजे सड़क पर अपने बाइक से कहीं जा रहा था कि अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे में उसके मुंह और नाक से खून निकलने लगा, जबकि बाएं घुटने में भी गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद करते हुए घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने लगे। इस दौरान सुंगुलपुर के ग्राम प्रधान दयाराम, प्रतिनिधि आशीष और सुनील भी घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने घायल को तत्काल उपचार दिलाने में सहयोग किया।
ग्रामीणों और परिजनों के प्रयास से एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। जिसके बाद अरविंद कुमार को सीएचसी नौपेड़वा ले जाया गया।
सीएचसी नौपेड़वा में चिकित्सकों ने अरविंद कुमार का प्राथमिक उपचार किया। मुंह और नाक से खून निकलने तथा बाएं घुटने में गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।













