जौनपुर। जिले में खेतासराय क्षेत्र में स्थ्ति दीदारगंज मार्ग पर गुरुवार की देर शाम सड़क पर जमे कूड़े के ढेर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस आग की चपेट में आने से नगर पंचायत की ओर से लगाया गया मोबाइल यूरिनल जल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क किनारे पहले से ही कूड़ा-करकट और गंदगी का अंबार लगा हुआ था। इसी ढेर में आग लगने से पास में रखा मोबाइल यूरिनल भी उसकी चपेट में आ गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। नागरिकों ने घटना की सूचना संबंधित वार्ड के सभासद को दी।
सड़क किनारे गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग के किनारे कूड़े का ढेर लगा रहना सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने मांग की थी कि सड़क किनारे जमा कूड़े को हटवाकर नियमित सफाई कराई जाए और कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए।












