जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव में मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से गये नाबालिग किशोर की सोमवार की शाम वाराणसी के वसुही नदी में लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
इसी गांव निवासी अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि उनका भतीजा आदर्श रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों के डांटने नाराज होकर घर से कहीं चला गया। देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो चिंतित परिजनों ने उसे आस पास के अलावा कई स्थानों पर खोजा लेकिन वह नहीं मिला।
नाबालिग किशोर के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की दी। दूसरे दिन सोमवार की शाम जनपद वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र में स्थ्ति वसुही नदी में किशोर की लाश मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने लाश की पहचान कर ली। इस संबंध में कपसेठी थानाध्यक्ष ने बताया कि नदी में किशोर की लाश उतराने की सूचना पर पुलिस पहुंची और पहचान कराने का प्रयास करने के बाद जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर किशोर की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं सुरेरी थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर युवक घर छोड़कर चला गया था।
हालांकि किशोर की मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि डांट से नाराज होकर किशोर ने नदी में छलांग लगा दी। फिल्हाल जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।














