जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान के मद्देनजर 22 और 23 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट के सभी न्यायालय वादकारियों के लिए बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि कलेक्ट्रेट के सभी न्यायालय कक्षों को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान प्रक्रिया को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 22 अक्टूबर को मतदान पार्टियां कलेक्ट्रेट पहुंचेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन के मद्देनजर दोनों दिन कलेक्ट्रेट परिसर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।














