जौनपुर। शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व नगर अध्यक्ष परवेज हसन ने पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शहर में कांग्रेस का कार्यालय मौजूद है, तो फिर प्रदेश स्तरीय नेताओं के आगमन पर बैठकें और कार्यक्रम होटलों में क्यों आयोजित किए जाते हैं? उन्होंने सवाल किया कि यदि पार्टी कार्यालय होने के बावजूद संगठनात्मक बैठकें वहां नहीं होंगी, तो कार्यालय बनाने का क्या औचित्य है?
परवेज हसन ने कहा कि जौनपुर में अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि कांग्रेस का कोई प्रदेश स्तरीय नेता आता है तो उसके कार्यक्रम के लिए होटल का चयन किया जाता है। उन्होंने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय का उपयोग संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के लिए होना चाहिए।
366 विधानसभा से चुनाव लड़ने के दिए संकेत
पूर्व नगर अध्यक्ष परवेज हसन ने खुद को कांग्रेस का पुराना कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि यदि पार्टी से अलग कोई बात बनती है, तो वह जौनपुर सदर की 366 विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जिले की राजनीति में उनकी संभावित भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
नदीम जावेद पर भी साधा निशाना
परवेज हसन ने कांग्रेस नेता नदीम जावेद पर निशाना साधते हुए कहा कि वह दिल्ली के नेता हैं और जिले में पार्टी की गतिविधियां उनके इशारे पर संचालित होती हैं। उन्होंने दावा किया कि जिले में होने वाले कार्यक्रमों में नदीम जावेद की भूमिका रहती है। उनके इस बयान से जिले में कांग्रेस की अंदरूनी कार्यशैली और नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।













