Advertisement

तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 24 डीजे सीज

 

जौनपुर। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जौनपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी कर निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 24 डीजे सीज कर दिए।

पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने डीजे संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से ध्वनि प्रदूषण फैलता है, जिसका आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। तेज ध्वनि से सुनने की क्षमता प्रभावित होने के साथ मानसिक तनाव, सिरदर्द और नींद में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भी परेशानी होती है। वहीं, तेज आवाज और सड़क पर भीड़ जुटने से यातायात तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

जौनपुर पुलिस ने डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Amanki Shaan News