Advertisement

जमीनी विवाद में टाइल्स मिस्त्री की हत्या

 

जौनपुर। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में मंगलवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर 37 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान इसी गांव निवासी राकेश कुमार गौतम के रूप में हुई है जो टाइल्स लगाने का काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार राकेश के घर के सामने स्थित जमीन पर उनका कब्जा था और वहां छप्पर डालकर जानवर बांधे जाते थे। पड़ोसी आशीष सिंह द्वारा इस जमीन पर तार और एंगल लगाकर कब्जा करने की कोशिश को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

मंगलवार सुबह की जब राकेश ने जमीन पर तार और एंगल लगाने का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें घेर कर लाठी-डंडों व हाथ-पैर से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटें आने के कारण राकेश मौके पर ही बेहोश हो गए और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने अंतिम सिंह, सुनील सिंह, मुनिराज गौतम और शिवशंकर पर घेरकर पीटने और जान से मारने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Amanki Shaan News