Advertisement

बाइक की टक्कर के बाद युवक को पीटा, सात पर केस दर्ज

 

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र में बाइक की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के सात लोगों ने एकजुट होकर युवक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रामपुर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत रामपुर के वार्ड नंबर तीन निवासी शिवम सेठ पुत्र छब्बू सेठ ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 नवंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे उनका भाई आर्यन अपने साथी आदित्य गुप्ता के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान कोटिगांव नहर के पास दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

आरोप है कि टक्कर के बाद आर्यन ने जब दूसरे पक्ष से पूछताछ की तो वे नाराज हो गए और अपने पांच अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर आर्यन पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की गई। इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मारपीट में आर्यन बेहोश हो गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना के बाद परिजन घायल युवक को लेकर थाने पहुंचे तो वहां भी आरोपित पक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज न कराने का दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

शिवम सेठ की तहरीर पर अजय सिंह, अविनाश पटेल, संदीप पटेल, राहुल पटेल, अक्षय पटेल, सोनू पटेल और जितेंद्र पटेल निवासी ग्राम उगापुर, थाना सुरेरी, जनपद जौनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में इस मारपीट को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब पुलिस जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Amanki Shaan News