जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव हनुमानगर में मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाली युवती और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर लोक व्यवस्था बाधित करने, प्रशासनिक अधिकारियों पर अनुचित कार्य के लिए दबाव बनाने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को बारीगांव हनुमानगर में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। इस दौरान वह आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। आरोप है कि युवती ने समाज में अशांति फैलाने, लोक व्यवस्था एवं यातायात बाधित करने तथा मोबाइल टावर की आपूर्ति रोकने की धमकी देकर मौके पर मौजूद शासन-प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया। इससे सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।
मामले में बरसठी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 436/2026 के तहत बीएनएस की धारा 221, 226, 270, 329, 351(2) और 61(2)(b) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने मामले में नेहा गौतम पुत्री दिनेश गौतम और अभिजीत कुमार गौतम पुत्र हिंचलाल गौतम निवासी बसेरवां, थाना मीरगंज, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बरसठी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव सहित बरसठी थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।











