जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र सिरकोनी रेलवे क्रासिंग के पास सोमवार की सुबह घरेलू विवाद के बाद युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जीनवलीला समाप्त कर ली है। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान जफराबाद क्षेत्र के धनेजा गांव निवासी अमरनाथ सिंह पुत्र रामदुलार सिंह के रूप में हुई है। युवक घर में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद अपने घर से बाइक लेकर सिरकोनी बाजार के पास स्थित उक्त रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा और उसके बाद क्रासिंग के पास अपनी बाइक खड़ी करके आ रही ट्रेन के सामने पटरी पर जाकर लेट गया।
देखते ही देखते युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके ही मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और शरीर भी क्षत विक्षत हो गया। घटना के बाद लोगों द्वारा उसकी पहचान कर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
अमरनाथ के मौत की जानकारी होते ही पत्नी सोनम सिंह पर बज्रपात हो गया तथा छह वर्षीय पुत्री अर्पिता सिंह व चार वर्षीय पुत्र शिवांश सिंह के सिर से पिता का छाया उठ गया। उन्हें यह पता ही नही चल रहा कि आखिर हुआ क्या है। उनके पिता कहा गए।लोग रो क्यों रहे। जीआरपी प्रभारी सुनील गौंड ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।











