जौनपुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के प्रथम दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) अनन्त चन्द्रशेखर द्वारा संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन एवं जागरूकता पैदल मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने उपस्थित जनसामान्य एवं स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।
वाहन चलाते समय दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने सभी से यातायात नियमों के प्रति सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली लाइन बाजार तिराहा, थाना लाइन बाजार एवं गांधी तिराहा होते हुए ए.आर.टी.ओ. कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चन्द्र तिवारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक कुमार यादव, ए.सी.एम.ओ. अरुण कुमार यादव, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय सहित यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











