जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को पान खिलाने के बहाने नशीला पदार्थ देकर लूटने का आरोप लगा है। आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसका दो मोबाइल फोन और 22 हजार रुपये लेकर युवक फरार हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सुजानगंज थाना क्षेत्र के खुजीडीह गांव निवासी कृष्णा राव ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह शनिवार को मुंबई से राजगीर ट्रेन से प्रयागराज के छिवकी स्टेशन पहुंचे थे। वहां से मुंगराबादशाहपुर आए और थाने के सामने खड़े थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और फोन लगाने के लिए कहा।
उन्होंने अपने मोबाइल से उसे फोन मिला दिया। बातचीत के बाद उस व्यक्ति ने उन्हें नई बाजार छोड़ने की बात कही। वह उसे लेकर चका गोविंदासपुर पहुंचा। वहां पान खाने के बहाने कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिला दिया जिससे वह बेहोश हो गए। इस दौरान उनका सैमसंग और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 22 हजार रुपये लेकर आरोपी फरार हो गया।
होश आने पर वह जनपद प्रतापगढ़ के सुवंसा जगतपुर मोड़ पर पड़े मिले। कृष्णा राव का कहना है कि उन्हें पता चला कि घटना में प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के शैफखानपुर उर्फ चिल्हाराय निवासी राजेश कुमार गौतम का हाथ है। उन्होंने उसकी बाइक का नंबर भी पुलिस को बताया है।इस बाबत थानाध्यक्ष गजानंद चौबे का कहना है कि तहरीर मिली है प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।











