Advertisement

पानी के जहाज की टक्कर से शाही पुल टूटने का विडियो निकला फर्जी

 

जौनपुर। ऐतिहासिक शाही पुल को पानी के बड़े जहाज की टक्कर से ढहते हुए दिखाने वाला एआई जनित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में संबंधित फेसबुक पेज का नाम सौरभ सहानी बताया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, 25 नवंबर को उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ कोतवाली क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया की निगरानी और सूत्रों से जानकारी मिली कि सौरभ सहानी नाम के फेसबुक पेज से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर ऐतिहासिक शाही पुल का एक भ्रामक वीडियो तैयार कर वायरल किया गया है।

वीडियो में पानी के बड़े जहाज को शाही पुल से टकराते और परिणामस्वरूप ऐतिहासिक पुल को ध्वस्त होकर गिरते हुए दिखाया गया है। तहरीर में वीडियो को पूरी तरह असत्य, भ्रामक और जनमानस में सनसनी व भय फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित बताया गया है। इससे आम जनता में भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न होने तथा ऐतिहासिक धरोहर की छवि धूमिल होने की आशंका जताई गई है।

उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी की तहरीर पर फेसबुक पेज सौरभ सहानी के अज्ञात संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव को सौंपी गई है।

Amanki Shaan News