जौनपुर। शाहगंज में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार की खुशियां निगल गया। दादर बाईपास पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के मीर अहमद शहजादा गांव निवासी अतुल भारती (21) पुत्र सत्यदेव और उसका मित्र आकाश (21) पुत्र रत्नेश शाहगंज के आजमगढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में काम करते थे। बुधवार दोपहर दोनों बाइक से किसी काम के सिलसिले में दादर बाईपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान होटल गोल्डन राइज के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। इस दौरान अतुल ट्रक की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आकाश घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल आकाश का उपचार कराया गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना की जांच के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
उधर, अस्पताल में अतुल की मौत की खबर सुनते ही परिजन बदहवास हो उठे। जिस बेटे को परिवार ने भविष्य के सपने संजोकर बड़ा किया था, उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।













