Advertisement

मामा के घर गए युवक की लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पिटाई

 

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में भतीजी की शादी की मिठाई देने मामा के घर गए युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कहासुनी के बाद आधा दर्जन लोगों ने युवक को लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के मड़ार चिटको गांव निवासी देवाशीष पांडेय पुत्र रामजी पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी भतीजी की शादी 24 नवंबर को वाराणसी में संपन्न हुई थी। शुक्रवार को दिन में करीब दो बजे वह शादी की मिठाई देने अपने मामा के घर दुधौड़ा पतरही गया था।

आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रोहित चौबे उर्फ छोटू, विनोद चौबे, आशीष चौबे, श्रीकांत चौबे, लालू चौबे, ध्रुव चौबे सहित घर की महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।

Amanki Shaan News