Advertisement

शादी समारोह में जा रहे 15 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला

 

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहा गांव में शुक्रवार रात करीब आठ बजे शादी समारोह में जा रहे 15 वर्षीय किशोर पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू किशोर की आंख के नीचे धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घायल किशोर की पहचान रितेश तिवारी पुत्र उमेश तिवारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रितेश दो दिन पहले ही मुंबई से अपने घर जौनपुर आया था। शुक्रवार रात पड़ोस में शादी समारोह था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कहासुनी और झगड़ा हुआ था, जिसे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था। आरोप है कि दोबारा हुए विवाद के दौरान अज्ञात हमलावर ने रितेश पर चाकू से वार कर दिया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और हमलावर की पहचान भी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Amanki Shaan News