जौनपुर। यूपी एसटीएफ वाराणसी फील्ड यूनिट ने मछलीशहर थाना क्षेत्र के पूरा पवई नहर पुलिया से अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गैंग के सरगना सुनील दुबे उर्फ रफ्तार को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सुनील दुबे मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के हरसाद गांव का रहने वाला बताया गया जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी के खिलाफ मछलीशहर थाने में आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं और पुलिस को बहुत समय से उसकी तलाश थी। इसी वर्ष के 25 अगस्त मछलीशहर पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 देसी पिस्टल और 7 अवैध तमंचे बरामद किए गए थें। इसी कार्यवाही के दौरान गैंग का सरगना सुनील दुबे फरार हो गया था।
एसटीएफ को लंबे समय से फरार रहे सुनील दुबे के जौनपुर में होने की सूचना मिली थी। पूछताछ में अंतरराज्यीय असलहा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एसटीएफ के अनुसार सुनील दुबे का गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी कर उन्हें मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी अब्दुल से असलहों का रेट तय करता था।
इसके बाद अब्दुल असलहे मध्य प्रदेश के रीवा तक पहुंचाता था। सुनील दुबे रीवा जाकर अब्दुल से 25 हजार रुपये में देसी पिस्टल और 5 हजार रुपये में देसी तमंचा खरीद इन असलहों को अलग-अलग कीमतों पर बेचकर अवैध कारोबार किया जाता था। फिल्हाल स्थानीय पुलिस आगे की कार्यवाही में जुट गई है।













