जौनपुर। सोशल मीडिया पर अवैध असलहे और कारतूस के साथ वीडियो प्रसारित करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सुरेरी पुलिस ने शुक्रवार को मामले में वांछित चल रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .303 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सुरेरी थाना क्षेत्र के काकोपुर गांव निवासी आयुष सिंह उर्फ हलचल सिंह (26) का अवैध असलहे और कारतूस के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने थाना सुरेरी में मुकदमा अपराध संख्या 176/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/7/25 में मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त आयुष सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र, उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय, शेषनाथ साहनी तथा कांस्टेबल अखिलेश गौड़, अरविंद गौड़ और धीरज सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।












