Advertisement

सुपारी लेकर घटना को अंजाम देने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

 

जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित शातिर अभियुक्त नफीस को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई।

एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश तूतीपुर पीपा पुल की ओर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो बाइक सवार संदिग्ध भागने लगा, लेकिन फिसलकर गिर पड़ा।

आरोप है कि बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें गोली प्रभारी निरीक्षक के कनपटी के पास से निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसके बाद आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान नफीस पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी रौजाजमाल खां, थाना कोतवाली जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Amanki Shaan News