Advertisement

पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर लुटेरा गिरफ्तार, गोली लगने से घायल, साथी फरार

जौनपुर। बरसठी जौनपुर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरसठी और थाना रामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा 32 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बरसठी जयप्रकाश यादव अपनी टीम के साथ परियत तिराहे पर मौजूद थे।

इसी दौरान थाना रामपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे और दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग करने लगी।

तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नम्बर प्लेट की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आलमगंज की तरफ से आ रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने महमूदपुर बैरी पट्टी तिराहा रसुलहा-आलमगंज मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक सवार आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

इसी दौरान बाइक सवार बदमाश हड़बड़ाहट में गिर पड़े। एक बदमाश फायरिंग करते हुए झाड़ियों की तरफ भाग निकला, जबकि दूसरे बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल बदमाश को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रुस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी तमंचा 32 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रुस्तम एक शातिर अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ जौनपुर एवं आजमगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एवं आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, उपनिरीक्षक मंजीत कुमार सहित बरसठी एवं रामपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

Amanki Shaan News