जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के करसावा गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव गांव से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करसावा निवासी मुकेश निषाद (42) पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद निषाद शादी-विवाह में खाना बनाने का काम करते थे।
परिजनों के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने उनका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि मुकेश की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













