Advertisement

लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड जौनपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय,परिजनों से मिल जताई संवेदना

जौनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जौनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने चर्चित लखनऊ प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। हत्या, लूट, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सरकार के कानून-व्यवस्था संबंधी दावों की पोल खुल रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का राज कमजोर पड़ता जा रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे हत्याकांड इस बात का प्रमाण हैं कि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय कम हो गया है।
अजय राय ने हाल के दिनों में हुए पुलिस मुठभेड़ों (एनकाउंटर) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में फर्जी एनकाउंटर के आरोप सामने आते रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून के शासन में न्यायिक प्रक्रिया सर्वोपरि होती है और किसी भी कार्रवाई को कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कई बार पुलिस की प्रेस वार्ताओं में पकड़े गए अपराधी बेखौफ नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हावभाव और व्यवहार से यह प्रतीत होता है कि उनमें कानून का पर्याप्त डर नहीं रह गया है। यह स्थिति प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करती है।

उन्होंने सरकार से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान कांग्रेस के कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अजय राय के जौनपुर दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश में कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

Amanki Shaan News