जौनपुर। जनपद के केराकत तहसील क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने सरकारी बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। न्यायालय द्वारा जारी बेदखली आदेश के अनुपालन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई की निगरानी स्वयं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुनील कुमार ने की। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और भूमि माफियाओं में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने भी सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत किया।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि संरक्षण अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे अन्य अतिक्रमणकारियों में भी प्रशासन का संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचा है।













