रिपोर्ट पत्रकार वेद प्रकाश शुक्ला
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के महुआरी बनकट गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के मीठुपुर (कटहरा), थाना सरायममरेज निवासी रोशनी बानो (24) का विवाह वर्ष 2020 में महुआरी बनकट गांव निवासी सुबराती पुत्र मुंशी के साथ हुआ था। रोशनी तीन बच्चों राबिया , समायरा , और अजान की मां थी।
मृतका की मां मौसमी बेगम ने बरसठी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही उसकी पुत्री को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पति, ससुर तथा अन्य ससुरालीजन उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि बीते 7 मई को भी मारपीट के बाद रोशनी मायके चली गई थी। बाद में पंचायत के हस्तक्षेप से समझौता होने पर उसे पुनः ससुराल भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार 5 जून को रोशनी ने फोन कर दहेज को लेकर हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। घटना वाले दिन भी उसने रोते हुए अपने परिजनों से बातचीत की थी। कुछ समय बाद सूचना मिली कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने देखा कि रोशनी का शव घर के बाहर खाट पर रखा था। परिजनों का आरोप है कि शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान मौजूद थे। ग्रामीणों के मुताबिक ससुराल पक्ष उसे उपचार के लिए मछलीशहर ले गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अधिकांश ससुरालीजन घर छोड़कर चले गए।
मृतका की मां ने मामले को दहेज हत्या बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। तहरीर के आधार पर सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।













