जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोचिंग जा रही एक हाईस्कूल छात्रा की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान रौनक गौतम (17) पुत्री रामप्रसाद गौतम निवासी उमरीकला, थाना महराजगंज के रूप में हुई है। रौनक अपने ननिहाल दक्षिणपट्टी गांव में संतोष कुमार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे रौनक अपने ननिहाल से धनियांमऊ स्थित कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे-731 पर श्रीनारायण सिन्हा इंटर कॉलेज सरायहरखू के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन पहले शव को घर ले गए, बाद में घटना की सूचना बक्शा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।













