गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। रविवार तड़के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड इलाके में हुई पुलिस कार्रवाई में असद ढेर हो गया, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस को असद के इलाके में होने की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से असद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि बकरीद के दिन कक्षा 11 के छात्र सूर्या की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त था। मृतक की मां सरोज और बहन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से एनकाउंटर की गुहार लगाई थी। सूर्या की मां ने कहा था कि जिस तरह उनके बेटे की निर्मम हत्या की गई, उसी तरह आरोपियों को भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
मां सरोज ने भावुक होकर कहा था कि उनका छोटा बेटा ही परिवार का सहारा बनने वाला था, लेकिन अब वह भी उनसे छिन गया। उन्होंने बताया कि परिवार में एक बड़ा बेटा दिव्यांग है और सूर्या से ही उन्हें भविष्य की उम्मीदें थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इंदिरापुरम में हुई इस कार्रवाई के बाद मामले को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है।













