Advertisement

17 वर्ष के मयंक सिंह ने IIT-JEE Advanced में हासिल की 4088वीं रैंक, जौनपुर का बढ़ाया मान

जौनपुर। जिले के एक होनहार छात्र ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर पूरे जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। बरसठी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बबुरीगांव, बिलौना कला निवासी मयंक सिंह ने मात्र 17 वर्ष की आयु में देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल आईआईटी-जेईई एडवांस 2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया रैंक 4088 प्राप्त की है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

मयंक सिंह के पिता चंद्रशेखर सिंह पेशे से शिक्षक हैं, जबकि माता निधि सिंह गृहिणी हैं। मयंक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद जौनपुर के परमानंदपुर उमरपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर लगातार मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। सफलता के बाद मीडिया से बातचीत में मयंक सिंह ने बताया कि उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और भगवान पर अटूट विश्वास रहा है।

उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को कभी भी असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। परिणाम घोषित होने के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। मयंक अपने परिवार के साथ मैहर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता रानी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपनी सफलता के लिए ईश्वर का आभार व्यक्त किया।
मयंक के गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी सफलता की चर्चा जोरों पर रही। स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया तथा फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया। गांव के युवाओं और छात्रों ने भी मयंक की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर समाज सेविका राखी सिंह, रेनू सिंह, शोभना सिंह तथा स्मृति सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने मयंक को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने कहा कि मयंक की यह सफलता जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मयंक सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा जौनपुर जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

Amanki Shaan News